Article

झारखंड में मंत्री के निजी सचिव के नौकर के घर ईडी को मिला करोड़ो का कैश

 06 May 2024

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के सचिव के नौकर के यहाँ से करोड़ों रूपये कैश बरामद किये है।ख़बरों के अनुसार नौकर संजीव लाल के घर से 20 से 30 करोड़ रूपये ज़ब्त किये गये है। इसके अलावा ज्वेलरी के साथ-साथ अधिकारियों के ट्रांसफर पोस्टिंग से जुड़े दस्तावेज़ भी मिले है। ईडी की टीम राजधानी रांची में कई जगहों पर छापेमारी कर रही है।


ईडी की है झारखंड सरकार पर नज़र

ईडी मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में झारखंड सरकार के मंत्रियों पर अपनी नज़र बनाये हुए है। इसी सिलसिले में ईडी ने 2023 में झारखंड विकास विभाग के मुख्य अभियंता वीरेंद्र के. राम को गिरफ़्तार किया था। जिस नौकर के यहाँ करोड़ों का कैश बरामद हुआ है उसकी सैलरी मात्र 15 हज़ार रूपये है। नोटों में मुख्य रूप से 500 नोट शामिल हैं, साथ में कुछ ज्वेलरी भी बरामद की गयी है। अधिकारियों के ट्रांसफर से जुड़े दस्तावेज़ों में अधिकारीयों के नाम के आगे लिखा हुआ है कि किन अधिकारीयों का ट्रांसफर जरुरी है और किन का नहीं।


भाजपा ने क्या कहा

ईडी की छापेमारी के बाद इसपर राजनीति भी तेज़ होती जा रही है। भाजपा नेता और सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि 6 से 7 महीने पहले चीफ़ इंजीनियर वीरेंद्र के. राम के यहाँ जो ईडी ने छापेमारी की थी, वहां से एक डायरी बरामद हुई है जिसमें कई विधायकों और आलमगीर आलम के सचिव का भी नाम था। ये सभी लोग सरकार में मिलने वाले टेंडर को सँभालते हैं। इसलिए ईडी इनके यहाँ पर जाँच कर रही है।

झारखंड भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी ने कहा है कि ‘इंडिया-अलायंस’ वाले कहते रहते है कि ईडी उन्हें बिना वज़ह परेशान करती रहती है। लेकिन मंत्री आलमगीर आलम के निजी सचिव के नौकर के यहाँ अगर 20 से 30 करोड़ रुपये बरामद हुए है तो सोचने वाली बात है कि मंत्री के घर से कितने रुपये बरामद होंगे। बाबू लाल ने झारखंड सरकार और विशेष तौर पर कल्पना सोरेन से मांग की है कि वो ज़ल्द ही आलमगीर आलम को मंत्रिमण्डल से बर्ख़ास्त करे।


मंत्री आलमगीर आलम ने क्या कहा

झारखंड सरकार में मंत्री आलमगीर आलम ने इस पूरे मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि निजी सचिव एक सरकारी मुलाज़िम है। जिनका चुनाव अनुभव के आधार पर किया गया है। छापे के बारे में जितना लोगों को पता चला है उतना ही हमें पता है। जाँच अभी चल रही है, देखते हैं ईडी का क्या निष्कर्ष आता है।